छत्तीसगढ़ की खेल प्रतिभाओं को तराशने के लिए शासन द्वारा किया जा रहा लगातार प्रयास – मुख्यमंत्री

Published by [email protected] on

Spread the love

अंतर्राष्ट्रीय एस्ट्रोटर्फ हॉकी स्टेडियम के लिए फ्लड लाईट और पवेलियन बनाने के लिए 2 करोड़ रूपए की घोषणा की
– मुख्यमंत्री 79वीं महंत राजा सर्वेश्वर दास स्मृति अखिल भारतीय हॉकी प्रतियोगिता के फायनल मैच में हुए शामिल 
राजनांदगांव। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल मुख्य अतिथि के रूप में दोपहर 2 बजे अंतर्राष्ट्रीय एस्ट्रोटर्फ हॉकी स्टेडियम में आयोजित 79वीं महंत राजा सर्वेश्वर दास स्मृति अखिल भारतीय हॉकी प्रतियोगिता 2022-23 के फायनल मैच में शामिल हुए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने अंतर्राष्ट्रीय एस्ट्रोटर्फ हॉकी स्टेडियम के लिए फ्लड लाईट और पवेलियन बनाने के लिए 2 करोड़ रूपए की घोषणा की। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री श्री बघेल ने कहा कि हॉकी की नर्सरी कहे जाने वाले राजनांदगांव में महंत राजा सर्वेश्वर दास अखिल भारतीय हॉकी प्रतियोगिता में देश भर से 20 टीमों ने हिस्सा लिया। उन्होंने सभी टीम को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दी।

उन्होंने कहा कि खेल प्रतियोगिता में टीम की जीत-हार महत्वपूर्ण होती है, लेकिन इससे ज्यादा महत्वपूर्ण यह होता है कि टीम ने नया क्या सीखा। अपने खेल के अवसर को निखारने के लिए क्या नया अर्जित किया। निश्चित रूप से सभी टीमों ने यहां ऐसा बहुत कुछ अर्जित किया होगा, जो उनके खेल को नई ऊंचाई प्रदान करेगा। उन्होंने कहा कि वर्ष 1970 में राजनांदगांव के अखिल भारतीय प्रतियोगिता में हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद भी अपने खेल का प्रदर्शन कर चुके हैं। राजनांदगांव एवं जशपुर ऐसा क्षेत्र है जहां हॉकी का वातावरण हमेशा बना रहता है। इन शहरों ने देश को कई राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी दिए हैं। राजनांदगांव में एयरमेन बेस्टियन छत्तीसगढ़ के पहले ओलम्पियन हुए। छत्तीसगढ़ राज्य बनने के बाद राजनांदगांव की बेटी रेणुका यादव ने प्रथम महिला ओलम्पियन बनकर शहर को और छत्तीसगढ़ को गौरवान्वित किया है।


मुख्यमंत्री श्री बघेल ने कहा कि अधोसंरचना और सुविधाओं के विकास तथा खिलाडिय़ों को प्रशिक्षण प्रोत्साहन  के मामलों में हमने ऐसे ही उपलब्धियां अन्य खेल के क्षेत्र में हासिल की है। वर्ष 2021 एवं वर्ष 2022 में एथलीट अकादमी की शुरूआत हुई। वर्ष 2022 में बिलासपुर आवासीय अकादमी तथा एक्सीलेंस सेंटर तथा रायपुर में तीरंदाजी अकादमी का संचालन शुरू कर दिया गया है। वर्ष 2021 में शिवतराई बिलासपुर में तीरंदाजी उप केन्द्र, वर्ष 2022 में बिलासपुर में बालिका कबड्डी अकादमी, रायपुर आवासीय तीरंदाजी अकादमी, फुटबाल एवं गैर आवासीय एथलेटिक अकादमी की शुरूआत की गई। वर्ष 2019 के पहले हॉकी एवं तीरंदाजी के दो गैरआवासीय अकादमी थे। लेकिन यह अकादमी के रूप में न हो कर नियमित प्रशिक्षण के रूप में हो रहा था। पिछले चार वर्षों में छत्तीसगढ़ की खेल प्रतिभाओं तराशने के लिए शासन द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। हमारे खिलाडिय़ों के लिए अच्छे प्रशिक्षण की व्यवस्था और उन्हें बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने बढिय़ा खेल अधोसंरचना के निर्माण करने का कार्य निरंतर किया जा रहा है। 
इस अवसर पर अध्यक्ष छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण एवं अन्य पिछड़ा वर्ग क्षेत्र विकास प्राधिकरण श्री दलेश्वर साहू, खुज्जी विधायक श्रीमती छन्नी साहू, महापौर श्रीमती हेमा देशमुख, अध्यक्ष छत्तीसगढ़ राज्य अंत्यावसायी सहकारी वित्त एवं विकास निगम श्री धनेश पाटिला, अध्यक्ष छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग श्री जितेन्द्र मुदलियार, अध्यक्ष जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक मर्यादित श्री नवाज खान, अध्यक्ष राजगामी संपदा न्यास श्री विवेक वासनिक, उपाध्यक्ष छत्तीसगढ़ राज्य गौ सेवा आयोग श्री मन्ना लाल यादव, उपाध्यक्ष छत्तीसगढ़ राज्य अल्प संख्यक आयोग श्री हफीज खान, छत्तीसगढ़ खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड के सदस्य श्री किशन खण्डेलवाल, छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड के सदस्य श्री निखिल द्विवेदी, संचालक मंडल छत्तीसगढ़ राज्य सहकारी मत्स्य महासंघ मर्यादित के सदस्य श्री संवलूराम निषाद, सिंधी अकादमी बोर्ड के सदस्य श्री अशोक पंजवानी, सिंधी अकादमी बोर्ड के सदस्य श्री मुरली पंजवानी, सदस्य छत्तीसगढ़ पिछड़ा वर्ग विकास प्राधिकरण श्री मनोज सिन्हा, छत्तीसगढ़ असंगठित कर्मकार राज्य सामाजिक सुरक्षा मंडल श्री वीरेन्द्र चौहान, छत्तीसगढ़ ग्रामीण रोजगार गारंटी परिषद के सदस्य श्री पदम कोठारी, राज्य बाल संरक्षण आयोग की सदस्य श्रीमती संगीता गजभिये, नगर पालिक निगम राजनांदगांव के अध्यक्ष श्री हरिनारायण धकेता, जनप्रतिनिधि श्री कुलबीर छाबड़ा, पार्षद श्री ऋषि शास्त्री, समाज सेवी श्री बलदेव सिंह भाटिया, कलेक्टर श्री डोमन सिंह, पुलिस अधीक्षक श्री अभिषेक मीणा, जिला पंचायत सीईओ श्री अमित कुमार एवं जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित थे।


0 Comments

Leave a Reply

Avatar placeholder

Your email address will not be published.