‘सीमा के बाहर विरोध बर्दाश्त नहीं’:डिप्टी सीएम सिंहदेव बोले- किसी ने मुझ पर जान के खतरे का आरोप लगाया, वहां समझौता नहीं हो सकता

Published by Viyarsee RJ on

Spread the love

छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव के घमासान के बीच उप मुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने अपने विरोधियों पर निशाना साधा है। उन्होंने बिना किसी का नाम लिए कहा कि, एक सीमा के बाहर विरोध स्वीकार नहीं करेंगे। छत्तीसगढ़ में किसी ने मुझ पर जान के खतरे का आरोप लगाया। वहां पर समझौता नहीं हो सकता है। उन्होंने कहा कि आगे क्या होगा, लोग जानें, पार्टी जानें, लेकिन मेरी तरफ से समझौता नहीं होगा। डिप्टी सीएम सिंहदेव रविवार को बलरामपुर जिले के दौरे पर थे।

राजपुर में हुए भेंट मुलाकात कार्यक्रम में पहुंचे डिप्टी सीएम सिंहदेव ने कहा कि, मुझे जितना गरियाना हो, गरिया लो, लेकिन महाराज साहब और महारानी साहिबा को सार्वजनिक मंच से कोई कुछ बोलेगा तो समझौता नहीं हो सकता है। व्यक्तिगत तौर पर मेरे बारे में कई लोगों ने बहुत कुछ किया, लेकिन मैंने कभी उसे राजनीतिक क्षेत्र में नहीं आने दिया। लेकिन छत्तीसगढ़ में सीमा पार कर किसी ने मेरे ऊपर जान के खतरे का आरोप लगाया। वहां समझाता नहीं हो सकता।

चिंतामणि महाराज ने खुद बंद किए दरवाजे
डिप्टी सीएम ने सामरी विधायक चिंतामणि महाराज को लेकर भी अपनी स्थिति स्पष्ट की। सिंहदेव ने कहा कि, छत्तीसगढ़ में कांग्रेस के सत्तासीन होने के बाद जब राजनैतिक परिस्थितियां बदली तो लोगों के व्यवहार में बदलाव नजर आया। मेरी ओर से दोनों दरवाजे खुले थे, लेकिन एक दरवाजा चिंतामणि महाराज ने खुद बंद कर लिया था। बीच में तो दुआ सलाम होना भी बंद हो गई थी। वे मुझसे दूरी बनाकर रखना चाहते थे, अब फिर से दुआ सलाम का दौर शुरू हुआ है।

विधायक बृहस्पति सिंह ने लगाए थे सिंहदेव पर आरोप
दरअसल, दो साल पहले 25 जुलाई को अंबिकापुर में बृहस्पति सिंह के काफिले पर हमला हुआ था। इस दौरान साथ आए वाहन में तोड़फोड़ की गई थी। इस संबंध में जहां पुलिस ने एफआईआर दर्ज की। वहीं बृहस्पति सिंह ने आरोप लगाया था कि टीएस सिंहदेव के इशारे पर हमला किया गया। उन्होंने सिंहदेव से अपनी जान का खतरा भी बताया था। मामला विधानसभा तक भी पहुंचा और बाद में बृहस्पति सिंह को माफी मांगनी पड़ी थी।


0 Comments

Leave a Reply

Avatar placeholder

Your email address will not be published.