स्कूल से बच्चे का अपहरण, VIDEO:दूर का रिश्तेदार ही निकला आरोपी, 50 लाख मांग रहा था; पुलिस ने छत्तीसगढ़ से पकड़ा
शहडोल में शुक्रवार को पांच साल के बच्चे का स्कूल से अपहरण हो गया। किडनैपर बच्चे का दूर का रिश्तेदार ही निकला। बच्चे को लेकर वह छत्तीसगढ़ के मनेंद्रगढ़ चला गया। वह परिजनों से 50 लाख रुपए की डिमांड कर रहा था। पुलिस ने स्कूल में लगे सीसीटीवी फुटेज से आरोपी की पहचान की और 8 घंटे में उसे ढूंढ निकाला। बच्चे को सुरक्षित परिजनों को सौंप दिया गया है।

कोतवाली टीआई योगेंद्र परिहार ने बताया कि आरोपी मूलचंद्र शुक्ला अनूपपुर जिले के अमरकंटक में रहता है। वह खुद को बहुत बड़ा बाबा बताता है। उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।
शहडोल के कोतमा की रहने वाली पूजा मिश्रा ने बेटे अभिनव मिश्रा (5) के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी। बच्चे ने बताया कि बाबा (आरोपी मूलचंद) उसे स्कूल से ऑटो में लेकर गया था। बाबा ने उसे बिस्किट दिलाया था। टिफिन में रखी पूड़ी-सब्जी और बिस्किट खाया। वह पूरे समय बाबा के साथ ही था।
बच्चे को स्कूल से उठा ले गया था आरोपी
अभिनव शहर के ज्ञानोदय स्कूल में कक्षा 1 में पढ़ता है। शुक्रवार दोपहर करीब 1 बजे आरोपी मूलचंद्र शुक्ला अपना चेहरा छिपाकर स्कूल पहुंचा। यहां अभिनव को अपनी गोद में उठाकर स्कूल से निकल गया। स्कूल की एक टीचर ने देखा तो इसकी जानकारी अभिनव की मां पूजा को दी। इधर, पूरी घटना स्कूल में सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी।
आरोपी बच्चे का दूर का रिश्तेदार
परिजनों ने बताया कि आरोपी मूलचंद उनका दूर का रिश्तेदार है। उसका उनके घर आना जाना था। अभिनव का एडमिशन ज्ञानोदय स्कूल में मूलचंद ने ही कराया था। वह कई बार स्कूल की छुट्टी के दौरान उसे लेने भी गया है। घटना के दिन वह चेहरे पर रुमाल बांधकर गया था। जब उससे वॉट्सएप के माध्यम से पूछा गया कि बेटा कहां है, तो उसने कहा- मैं इलाहाबाद में हूं, मुझे जानकारी नहीं है।
अमरकंटक में बाबा बनकर रह रहा था आरोपी
अभिनव की मां पूजा ने पुलिस को बताया कि आरोपी मूलचंद शुक्ला मूलत: उत्तर प्रदेश का रहने वाला है। अमरकंटक में बाबा बनकर रह रहा था। वह अमरकंटक के सीताराम आश्रम में रहता था। कभी-कभी हमारे घर कोतमा आता था। एक-दो दिन रहकर वापस चला जाता था। घर में बताता था कि अमरकंटक में वह बहुत बड़ा बाबा है, उसकी सबसे जान पहचान है। वह सभी काम करा सकता है। शुक्रवार को भी घर आया था। रुपए मांग रहा था। नहीं देने पर झगड़ा करके घर से निकल गया था।
पति को जेल से छुड़ाने के नाम पर हुआ झगड़ा
पूजा का पति अनुराग मिश्रा अपनी मामी से जमीन की धोखाधड़ी के मामले में एक माह से अनूपपुर जिले की पेंड्रा जेल में बंद है। उसने 5 लाख रुपए की गड़बड़ी की थी। आरोपी ने परिवार से कहा कि वह अनुराग को जेल से छुड़वा सकता है। इसके वह 50 लाख रुपए लेगा। परिवार ने रुपए नहीं होने की बात कही। इसके बाद आरोपी जब भी कोतमा आता दुर्व्यवहार करने लगता।
जमीन के कारण आरोपी ने नजदीकी बनाई
अभिनव की मां पूजा ने बताया कि हमारे साथ घर में बुजुर्ग मौसी रहती हैं। इलाहाबाद के बरई में उनकी शादी हुई थी। मौसी का ससुराल से जमीन संबंधी विवाद चल रहा है। जिसे निपटाने की बात पर मूलचंद शुक्ला ने कही थी। मूलचंद हमारा रिश्तेदार है, इसलिए उस पर शक भी नहीं किया। वह जमीन दिलाने के नाम पर मौसी से लाखों रुपए ऐंठ चुका है। मेरे पति से भी काफी रुपए हड़पे हैं।
0 Comments