छत्तीसगढ़ के सरगुजा संभाग में बरसेंगे बादल:अगले 24 घंटे प्रदेश के कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ हो सकती है बारिश

Published by Viyarsee RJ on

Spread the love

छत्तीसगढ़ में इस वक्त मानसून की बेरुखी देखने को मिल रही है। उमस की वजह से लोग अच्छी बारिश का इंतजार कर रहे हैं। उत्तर छत्तीसगढ़ में ये इंतजार आज से खत्म होने वाला है लेकिन प्रदेश के बाकी जिलों को 16 जुलाई का इंतजार करना होगा।

मौसम विशेषज्ञ एचपी चंद्रा ने बताया कि मुख्य रूप से उत्तर प्रदेश में एक सिस्टम इस वक्त सक्रिय है, जिसके असर से सरगुजा संभाग में बारिश हो सकती है जबकि बाकी जगहों पर अरब सागर से आने वाली नमी के असर से बारिश होगी। प्रदेश के कई जिलों में स्थानीय प्रभाव से भी बारिश की संभावना जताई गई है।

बारिश नहीं होने से बढ़ रहा तापमान
प्रदेश में अच्छी बारिश नहीं होने की वजह से तापमान लगातार बढ़ता जा रहा है। गुरुवार को प्रदेश में सबसे गर्म रायगढ़ जिला रहा। यहां तापमान 36.6 डिग्री पहुंच गया है। जांजगीर जिले में भी 36.6 बलौदाबाजार में 33.9, बिलासपुर में 33.2, मुंगेली में 33.5 और रायपुर में 33 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया है। बारिश नहीं होने से रात के तापमान पर भी असर देखने को मिल रहा है। बीती रात कोरबा में 21.4 डिग्री और सबसे ज्यादा बस्तर में 23.9 डिग्री रात का तापमान रिकॉर्ड किया गया है।

अगले 24 घंटे कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक मानसूनी द्रोणिका मध्य समुद्र तल पर जैसलमेर, दिल्ली, लखनऊ, मुजफ्फरपुर, बालूरघाट और उसके बाद उत्तर पूर्व की ओर अरुणाचल प्रदेश तक स्थित है। एक ऊपरी हवा चक्रवाती सिस्टम दक्षिण उत्तर प्रदेश के मध्य भाग में 3.1 किलोमीटर ऊंचाई तक मौजूद है। प्रदेश में अगले 24 घंटे कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश होने या गरज चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। प्रदेश के एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ वज्रपात भी होने की संभावना है। हांलाकि अब अधिकतम तापमान में विशेष परिवर्तन होने की संभावना नहीं है।


0 Comments

Leave a Reply

Avatar placeholder

Your email address will not be published.