‘ईडी-आईटी के छापे बदले की कार्रवाई’:कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता अजय बोले- जनता चुनाव में जरूर जवाब देगी, लोकसभा की 11 सीट भी जीतेंगे

Published by Viyarsee RJ on

Spread the love

बिलासपुर में कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. अजय उपाध्याय ने केंद्र सरकार पर बदले की भावना में कार्रवाई करने का आरोप लगाया है। उनके मुताबिक राज्य में पड़ रहे ईडी और आईटी के छापे इसका उदाहरण है। चुनाव में जनता इसका जरूर जवाब देगी। कमर तोड़ महंगाई से पूरा देश परेशान है।

केंद्र की मोदी सरकार ने दो करोड़ युवाओं को रोजगार देने, पेट्रोल सस्ती करने सहित कई वादे किए थे। लेकिन एक भी वादा पूरा नहीं किया। जनहित के मुद्दे जैसे रोटी-कपड़ा और मकान पर केंद्र सरकार कुछ बोलने के लिए तैयार नहीं है। अजय ने लोकसभा चुनाव में प्रदेश की 11 सीटों पर जीत दर्ज करने का दावा भी किया।

उन्होंने कहा कि भाजपा ने सरकार बनाने से पहले बड़े-बड़े वादे किए थे। पिछले दस साल में महंगाई चरम पर है। यूपीए सरकार के समय में पेट्रोल की कीमत 56 रुपए लीटर थी, जो अब बढ़कर 100 के पार हो गया है। गैस सिलेंडर की कीमतें भी लगातार बढ़ रही हैं। देश की जनता को मूलभूत सुविधाओं की जरूरत है। जहां भी भाजपा की सरकार है, वहां अपने हिसाब से नारे गढ़े जा रहे हैं। शिक्षा, स्वास्थ्य जैसी सुविधाओं और विकास का नारा देकर सरकार में आई और जनता को ही भूल गई।

ईमानदारी से सर्वे हो तो सच्चाई पता चलेगा
सर्वे में केंद्र में भाजपा की सरकार रिपीट होने के सवाल पर उन्होंने कहा कि यह भाजपा प्रायोजित सर्वे है। अगर जनता के बीच ईमानदारी से सर्वे हो तो पता चल जाएगा कि सच्चाई क्या है। उन्होंने दावा करते हुए कहा कि 2023 में होने वाले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की सरकार बनेगी। इसी तरह 2024 के लोकसभा चुनाव में भी इंडिया गठबंधन की सरकार बनेगी।

भाजपा का भ्रष्टाचार देश देख रहा है, छत्तीसगढ़ में जनता देगी जवाब
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की जनता को कांग्रेस की सरकार पर भरोसा है। यहां हर क्षेत्र में विकास किया गया है। राजस्थान में भी ओल्ड पेंशन योजना, कनार्टक और हिमाचल प्रदेश में भी हम बेहतर काम कर रहे हैं। उन्होंने प्रदेश में भ्रष्टाचार पर बचाव करते हुए कहा कि भाजपा की मोदी सरकार बदले की भावना से काम कर रही है और ईडी और सीबीआई का दुरुपयोग कर रही है। इसका जवाब जनता मोदी सरकार को देगी।


0 Comments

Leave a Reply

Avatar placeholder

Your email address will not be published.